मीट की दुकान के विरोध में तहरीर
पुरकाजी। कस्बे की दलित बस्ती में रविदास मंदिर के निकट मांस की दुकान खुलने से मोहल्लेवासियों में रोष व्याप्त है और उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर दुकान बंद कराने की मांग की है।
कस्बे के बाहरी छोर पर दलित बस्ती है, जिसमें हाईवे पर रविदास मंदिर है। शनिवार को मंदिर के निकट एक मांस की दुकान का बोर्ड लगने से मोहल्ले के लोगों में रोष व्याप्त हो गया, जिसके विरोध में रविवार को मंदिर कमेटी के संजीव, लोकेश, पुष्पेंद्र, सोनू, अक्षय, सतेंद्र आदि लोग थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर दुकान बंद कराने की मांग की है। इस संबंध में पुलिस और नगर पंचायत कार्यालय से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि उक्त दुकान के लिए हमारे पास आवेदन आया था, जिसमें हम लोगों ने आपत्ति लगा दी थी। उसके बावजूद फूड़ विभाग की ओर से लाइसेंस जारी कर दिया गया है।
पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
पुरकाजी। कस्बे के मौहल्ला उत्तरी चमारान निवासी सुखबीर की तहरीर पर पुलिस ने मोहल्ले के ही युवक अक्षय एवं आकाश के विरुद्ध पॉस्को व मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपी अक्षय को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया है। इसके अलावा शनिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर ई रिक्शा लूट ले जाने की घटना में पुलिस ने रिक्शा चालक के पुत्र बिट्टू की तहरीर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध लूट की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
खाईखेड़ी ने जड़ौदा को 57 रन से हराया
पुरकाजी। ग्राम खाईखेड़ी में चल रही मंगत त्यागी मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के अंतिम मैच में ग्राम खाईखेड़ी की टीम ने ग्राम जड़ौदा पांडा की टीम को हराकर फाइनल मैच जीत लिया। प्रतियोगिता में आयोजकों द्वारा दोनों टीमों को नगद पुरस्कार एवं ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। मैच में टॉस जीतकर खाईखेड़ी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 213 रन बनाए, जिसके जवाब में जड़ौदा पांडा की टीम 20 ओवर में 156 रन बनाकर आउट हो गई। खाईखेड़ी की टीम ने 57 रन से मैच जीत लिया। प्रतियोगिता में आयोजकों द्वारा विजेता टीम को 11000 और उप विजेता टीम को 5100 रुपये नगद पुरस्कार व ट्राफी दी गई। इस मौके पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य मोरना अमित राठी, श्रीपाल चौधरी, हरिओम त्यागी, राजकुमार त्यागी, धीरज त्यागी, कपिल त्यागी, मोनू त्यागी, टोनी त्यागी, नीरज त्यागी, जतिन प्रधान आदि मौजूद रहे।