खतौली विधायक के विवादित बोल
मुजफ्फरनगर।
खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी का एक और आपत्तिजनक बयान का वीडियो वायरल होने से विवादों में घिर गए हैं। एक समारोह में विधायक ने सूबे के मंत्री डॉ धर्मसिंह सैनी की मौजूदगी में अपने भाषण में कहा कि सपा सरकार में जिसकी जितनी बड़ी दाढ़ी, उसे उतना ही ज्यादा मुआवजा मिलता था। इतना ही नहीं विधायक ने खुद को कट्टर हिंदूवादी नेता बताया।
शहर के रामलीला टिल्ला इलाके में सोमवार को महाराजा सैनी जयंती समारोह हुआ था, जिसमें प्रदेश के आयुष मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ धर्मसिंह सैनी और खतौली के विधायक विक्रम सैनी बतौर अतिथि शामिल हुए थे। मंत्री की मौजूदगी में विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि सपा सरकार में जिसकी जितनी लंबी दाढ़ी होती थी, उसे उतना ही अधिक मुआवजा मिलता था। ओलावृष्टि में सभी किसानों का नुकसान हुआ, लेकिन मुआवजा लंबी दाढ़ी वालों को अधिक मिला। विधायक इतने पर नहीं रुके, उन्होंने यह भी कहा कि देश के बंटवारे के समय कुछ मुस्लिम यहां रह गए, यह मुसीबत छोड़ गए। विधायक ने कहा कि मोदी सरकार सबके लिए काम कर रही है। उन्होंने नववर्ष मनाने पर भी आपत्ति जताई। विधायक ने कहा कि नववर्ष ईसाइयों का आयोजन है। हमें सीधे-सीधे राम-राम बोलना चाहिए। इसी राम-राम के दम पर वह जिला पंचायत का चुनाव जीते और इसी के दम पर विधानसभा में सबसे ज्यादा वोटों से जीतकर पहुंचे हैं। हालांकि मंत्री धर्मसिंह ने विधायक के बयान को निजी विचार बताया। उन्होंने कहा कि पीएम, सीएम भी नववर्ष की बधाई देते हैं तो किसी को क्या आपत्ति हो सकती है।