शराब के ठेके में चोरी
भोपा। गांव जौली में पुलिस चौकी के निकट गंगनहर पटरी पर शराब की दुकान का गोदाम है। बुधवार रात बदमाशों ने दुकान पर धावा बोलकर देशी शराब के पव्वों की नौ पेटी चोरी कर लिए गए, जिसकी कीमत 26 हजार रुपए बताई गई। पुलिस ने तहरीर लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बदमाशों की तलाश में कांबिंग
छपार। पुलिस और ग्रामीणों ने घंटों कांबिंग कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
गांव रेई निवासी मोना, पप्पू व शंकर बुधवार देर शाम गांव के बाहर हनुमान मंदिर पर खडे थे, तभी कुछ अजनबी लोग आए। युवकों ने इसकी जानकारी ग्राम प्रधान यतेंद्र त्यागी को दी। बता दें कि इसी क्षेत्र के गांव ताजपुर से चरवाहे का बदमाशों ने अपहरण करके एक करोड़ रुपये की फिरोती की मांग की थी। सूचना पाकर पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर घंटों कांबिंग की।
मिट्टी डालने के विरोध में भिड़े
तितावी। थाना क्षेत्र के बघरा निवासी काला, फरमान, गुड्डू, शहजाद अपने घर मिट्टी से भराव कर रहे थे। रास्ते में पड़ी मिट्टी को लेकर पड़ोसी मंगता ने विरोध किया। इस पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों से लाठी-डंडे चले। जिसमें अंसार पुत्र मांगता के सिर में गंभीर चोट आई है। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगी है।
अमीन के साथ मारपीट, मुकदमा दर्ज
तितावी। गांव पिपलहेड़ा में वसूली करने गए संग्रह अमीन के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। अमीन को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। अमीन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
गांव पिपलहेड़ा पर निवासी सुखबीर पर तहसील के एक लाख 37 हजार बकाया है। बृहस्पतिवार को संग्रह अमीन राजकुमार सुखदेव से वसूली के रुपये लेने उसके घर गया था। आरोप है कि सुखदेव ने रुपए मांगे तो वह आगबबूला हो गया। विरोध करने पर अमीन के साथ मारपीट कर आरोपी फरार हो गए। किसी प्रकार ग्रामीणों की मद्द से अमीन थाने पहुंचा और घटनाक्रम की जानकारी दी। अमीन ने तितावी थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मेडिकल के लिए भेज दिया है।
शराब के साथ पकड़ा
भौराकलां। सिसौली हडोली मार्ग पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान 25 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी है। पुलिस ने छोटा हाथी और अवैध शराब के साथ एक आरोपी को पकड़ा है, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
भौराकलां थाना प्रभारी सुभाष सिंह ने बताया कि सिसौली हड़ोली मार्ग पर भूषण पुत्र ऋषिपाल निवासी कृष्णापुरी थाना कोतवाली को अवैध शराब के साथ पकड़ा है। जबकि उसका साथी कुलदीप निवासी मुकुंदपुर थाना तितावी फरार हो गया। पुलिस में छोटा हाथी भी जब्त कर किया है।
रोहाना मिल ने किया भुगतान
रोहाना आईपीएल की यूनिट रोहाना कलां ने किसानों के गन्ने का 14 दिसम्बर तक का पांच करोड़ 34 लाख रुपये देकर प्रदेश में अव्वल स्थान बनाया। प्रधान प्रबंधक सुनीलदत्त ने बताया कि 17 हजार कुंतल गन्ना पेराई करने वाली आईपीएल की यूनिट ने 6लाख 43 हजार गन्ने की पेराई की है और 62 हजार 500 सौ बोरे चीनी बनाई गई है।