जानसठ के तीन गांवों को नहीं दी जाएगी बिजली
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। जानसठ तहसील क्षेत्र के तीन गांव के ग्रामीणों को अब बिजली नहीं दी जाएगी। इन गांवों के ग्रामीणों ने पिछले तीन माह से विद्युत बिल जमा नहीं कराया है। इसलिए विद्युत विभाग ने मंगलवार को आधी रात से इन तीनों गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बंद कर दी है। विद्युत विभाग ने प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस को भी इस कार्रवाई से अवगत करा दिया है।
जेई अजय कुमार ने बताया कि तहसील क्षेत्र के तीन गांव जिनमें उत्तरी घटायन, दक्षिणी घटायन, नूनीखेड़ा में लगभग 625 विद्युत उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं ने पिछले तीन माह से विद्युत बिल जमा नहीं किया है। विद्युत बिलों की वसूली करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा शिविर लगाया गया। शिविर में गांव उत्तरी घटायन, दक्षिणी घटायन व नूनीखेड़ा से मात्र तीन उपभोक्ताओं ने विद्युत बिल का शुल्क जमा किया। इन तीनों का गांवों पर 35 से 40 लाख रुपए विद्युत बिल बकाया चला आ रहा है। गांव में विद्युत शिविर लगाने के बाद भी बकाया जमा नहीं होने पर ऊर्जा निगम के उच्चाधिकारियों के दिशा निर्देश अनुसार तीनों गांव की विद्युत आपूर्ति मंगलवार की रात 12 बजे से अस्थाई रूप से काट दी जाएगी। जेई अजय कुमार ने बताया कि दिशा निर्देश अनुसार तीनों गांव की विद्युत आपूर्ति स्थायी रूप से काटी गई है। इसके संबंध में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों समेत एसडीएम श्याम अवध चौहान व सीओ एसकेएस प्रताप को भी अवगत करा दिया गया है।