किसी के पक्ष में लहर नहीं चली
खतौली (मुजफ्फरनगर)।
नगर पालिकाध्यक्ष के चुनाव में मतदाताओं में अपने प्रत्याशी को लेकर जोश दिखाई दिया। मतदान के लिहाज से कहीं कमल का प्रभाव रहा तो कहीं साइकिल तेजी से दौड़ी। हाथी और रेल के इंजन को भी मतदाताओं ने पसंद किया। चुनाव में किसी भी पार्टी के पक्ष में लहर नहीं चली।
खतौली पालिकाध्यक्ष पद के लिए वोटरों ने रविवार को अपनी पसंद के प्रत्याशी को मतदान किया। बूथों पर मतदान के लिए सुबह से ही लाइनें लग गईं। शिवपुरी, गणेशपुुरी, बड़ा बाजार, जमना विहार, नागर कालोनी, लोधा कालोनी, जैननगर, रेलवे रोड, सैनी नगर, बिद्दीवाड़ा, पैठ रोड, गुर्जर कालोनी, अशोका मार्केट में कमल का फूल खिलता दिखा। भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज मदन छाबड़ा की पत्नी अनीता रानी को भी बड़ी संख्या में वोट मिले। मुस्लिम बहुल इलाकों सद्दीकनगर, इस्लामाबाद, लाल मोहम्मद, काजियान, पक्काबाग, सराफान, नई आबादी, मिट्ठूलाल, काजियान में कहीं साइकिल ने रफ्तार पकड़ी तो कहीं हाथी भी दौड़ा। कुछ इलाकों में हाथ पंजा भी मतदाताओं की पसंद रहा। इनके अलावा अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रति भी मतदाताओं का रुझान रहा। इन प्रत्याशियों को भी काफी मत पड़े। इस बार निकाय चुुनाव में किसी दल के पक्ष में लहर नहीं चली।