ग्रामीणों का चकबंदी विभाग के खिलाफ प्रदर्शन
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर के ग्रामीणों ने तहसील में धरना प्रदर्शन कर चकबंदी विभाग पर डीएम के आदेश का उल्लंघन कर गांव में चकबंदी प्रक्रिया शुरू की, जिसको लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
बुधवार को तहसील क्षेत्र के गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर के ग्रामीणों ने तहसील में धरना देकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके गांव की पूर्व में चकबंदी हो चुकी है। इसके बावजूद भी चकबंदी विभाग दोबारा से उनके गांव की चकबंदी कर रहा है। गांव में तीन वर्ष पूर्व चकबंदी प्रक्रिया शुरू होने पर गांव के सभी किसानों ने गांव की चौपाल पर बैठक कर सर्वसम्मति से गांव की चकबंदी न होने का प्रस्ताव पास कर डीएम को भेज दिया था। डीएम द्वारा धारा 6 के अंतर्गत गांव की चकबंदी रोकने के आदेश जारी कर दिए थे। इसके बावजूद भी चकबंदी विभाग गांव की दोबारा से चकबंदी करने की जबरदस्ती कर रहा है, जिसके विरोध में बुधवार को तहसील में प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणों ने चकबंदी विभाग पर डीएम के आदेश की अवहेलना करने का आरोप लगाया। एसडीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने किसानों की समस्या के समाधान के लिए चकबंदी अधिकारियों से बात कर शीघ्र समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। धरने पर नीरज, सुधीर, पंकज, चंदन सिंह, रजत, कुलदीप, राजपाल, अजीत सिंह आदि ग्रामीण मौजूद रहे।