कुुुुरथल लिंक मार्ग की हालत खस्ता, लोग परेशान
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। हाईवे से कुरथल गांव तक डेढ़ किमी लिंक मार्ग की हालत बेहद खस्ता है। बरसात का पानी भर जाने के कारण गांव के इस मुख्य मार्ग से ग्रामीणों का निकलना दूभर हो जाता है। गांववालों ने डीएम सहित मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मार्ग का निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जाने वाले इस मुख्य मार्ग की हालत बेहद खराब है। मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुका है। पैदल, दुपहिया वाहन अथवा साइकिल से इस मार्ग पर नही चला जा सकता। बरसात के समय में यह मार्ग पूरी तरह तालाब में परिवर्तित हो जाता है। गांव से स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं का आवागमन बाधित रहता है। इस मार्ग के बारे में उन्होंने कई बार तहसील दिवस में भी शिकायती पत्र दिये, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्रीय विधायक व केन्द्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान से भी मार्ग के निर्माण के बारे में कह चुके हैं। कोई कार्रवाई न होने पर गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने राष्ट्रीय ब्राह्मण एकता संगठन के जिलाध्यक्ष राजीव शर्मा के नेतृत्व में एक ज्ञापन जिलाधिकारी सहित मुख्यमंत्री को भेजा है।