ग्रामीण का मकान गिरा, बालक घायल
मोरना (मुजफ्फरनगर) । तेज बारिश के चलते गांव करहेडा में निर्देश शर्मा का मकान भरभराकर नीचे आ गिरा। आठ साल का बालक आलोक व गाय की बछिया मलबे में दबने से घायल हो गया। ग्रामीणों ने एसडीएम से पीड़ित परिवार को आर्थिक साहयता दिलाए जाने की मांग की है।
भोपा थाने के गांव करहेड़ा में सुमन पत्नी निर्देश शर्मा का गरीब परिवार रहता है। तेज बारिश के चलते रात में अचानक पुराना हो चुका लेंटर भरभराकर गिर पड़ा। निर्देश का पुत्र आलोक और मकान के अंदर बंधी बछिया मलबे के नीचे दब गए। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। घायल को एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। ग्राम प्रधान धीरज राठी, रघबीर शर्मा, इसरार, बीनू राठी, सुबोध, सतेंद्र, अजय विशाल, बालिंद्र, प्रदीप बाबा, भारतबीर प्रधान आदि ने एसडीएम ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की।