नगरपालिका के खिलाफ महिलाओं का धरना
खतौली। महिलाओं ने नाली के पानी की निकासी कराने की व्यवस्था की मांग को लेकर धरना दिया। उन्होंने पालिका प्रशासन को चेतावनी दी कि जब तक जल निकासी की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
नगर के मोहल्ला जैन नगर, तगान और होली चौक के लोग कई सालों से नाली के पानी की निकासी नहीं होने से परेशान हैं। सड़कों पर जलभराव होने से निकला भी दूभर हो जाता है। इस संबंध में कई बार मोहल्ले के लोगों ने पालिका अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। फिलहाल पालिका की ओर से जलभराव की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है। महिलाओं का कहना है कि सड़क निर्माण से पूर्व नाली के पानी की निकासी की व्यवस्था होनी चाहिए।
मंगलवार को मोहल्ले की महिलाओं ने पानी निकासी की मांग को लेकर धरना दिया। महिलाओं का कहना है कि अगर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो वे सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने देंगी। इस दौरान कोमल, रीता जैन, इंद्रा जैन, रश्मि, संतोष देवी, अर्चना अग्रवाल, शशि, बाला, मीना, इंदिरा, आशा, मिथलेश आदि शामिल रहीं।