मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को कोरोना संक्रमण से 21 मरीजों की मौत की पुष्टि की है। स्वास्थ्य विभाग ने 23 अप्रैल से लेकर चार मई तक कोविड अस्पताल में हुई मरीजों की मौत की सूची पोर्टल पर अपलोड की है। कई दिनों से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर मरीजों की मौत के आंकडे़ छिपाने के आरोप लग रहे थे। जिले में अब मृतकों की संख्या 190 हो गई है। उधर, बृहस्पतिवार को 777 संक्रमित मिले हैं।
सीएमओ डॉ. एमएस फौजदार ने बताया कि 22 अप्रैल से कोविड के पोर्टल पर मरीजों की मृत्यु का डाटा अपलोड नहीं हो रहा था, जिस कारण मेडिकल कॉलेज बेगरजपुर में इस अवधि में हुई मरीजों की मृत्यु अपलोड नहीं हो रही थी। बुधवार से पोर्टल ने काम करना शुरू किया। बीते 14 दिनों में 21 मरीजों की वहां मृत्यु हुई, जिनमें 14 महिलाएं शामिल हैं।
बृहस्पतिवार को 777 नए संक्रमित मिले है। इनमें शहर के 264 तथा देहात के 513 मरीज शामिल है। बघरा क्षेत्र में 27, बुढ़ाना में 63, चरथावल में आठ, खतौली में 59, जानसठ में 57, मोरना में 94, शहर से लगे देहात क्षेत्र में 175, पुरकाजी में 23, शाहपुर में सात मरीज मिले हैं। 334 मरीज ठीक हुए। अब तक जनपद में 21621 कोरोना के मरीज मिल चुके हैं, जिनमें से 16562 मरीज ठीक हो गए हैं। बावजूद इसके अब भी 4869 मरीजों का उपचार चल रहा है।
--------------
आज चार स्थानों पर होगा टीकाकरण
मुजफ्फरनगर। सीएमओ डॉ महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि जनपद में बृहस्पतिवार को 1244 लोगों का कोरोना वैक्सीनेशन किया गया। 45 वर्ष से अधिक आयु के 509 लोगों को प्रथम डोज लगाई गई तथा 735 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। सीएमओ ने बताया कि शुक्रवार को जिला चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय, मखियाली सीएचसी और चरथावल सीएचसी पर टीकाकरण किया जाएगा।