संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। ऑक्सीजन को लेकर दिन भर हा-हाकार की स्थिति रही। रामा गैस एजेंसी पर सप्लाई नहीं आने से लंबी कतारों में लगे लोगों को वापस लौटना पड़ा। जिनके परिवार के लोग होम आइसोलेशन में हैं उनके सामने संकट की स्थिति पैदा हो गई है। कुछ निजी हॉस्पिटल में हालत यह हुई कि मरीज डिस्चार्ज करना शुरू कर दिए। जबकि प्रशासन दावा कर रहा है कि कोविड हॉस्पिटल में संकट नहीं है।
कोरोना महामारी के बीच जहां बड़ी संख्या में लोगों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है, वहीं साढे़ चार हजार लोग होम आइसोलेशन में हैं। इनमें कुछ ऐसे हैं जो घर पर ही ऑक्सीजन ले रहे हैं। ऐसे लोग आईटीआई मैदान में लाईन में लगकर ऑक्सीजन लेते हैं। बृहस्पतिवार को ऑक्सीजन की सप्लाई ही नहीं आई। इसके चलते ऑक्सीजन का वितरण नहीं हो पाया। अपने पिता, पुत्र, भाई, पति, पत्नी के लिए ऑक्सीजन ले जाने को लाईन में लगे लोगों के लिए यह गहरा धक्का था। लोग पूरे दिन इधर-उधर भटकते रहे। हालात यह हुई कि शहर के कुछ अस्पतालों में जहां कोविड के अलावा अन्य मरीज जो ऑक्सीजन पर थे, मजबूरी में चिकित्सकों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया।
शहर के कोविड हॉस्पिटल में भी ऑक्सीजन अधिक समय की नहीं बची है। इस कारण दहशत के हालात हैं। उधर, सीएमओ एमएस फौजदार का दावा है कि कोविड हॉस्पिटल के लिए उनके पास पर्याप्त ऑक्सीजन है।
--------------
सप्लाई नहीं आने से समस्या हुई: डीएम
मुजफ्फरनगर। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने बताया कि पीछे से सप्लाई नहीं आने के कारण जिले में ऑक्सीजन का संकट रहा। कोविड हॉस्पिटल में कोई संकट नहीं है। हमारे पास जो स्टॉक था उसका प्रयोग किया जा रहा है। रात्रि में 12 बजे के बाद सप्लाई आ जाएगी। ऑक्सीजन का कोई संकट नहीं है।