शाहपुर। गांव ढिंढावली में गोली लगने से घायल आरटीआई कार्यकर्ता की पत्नी द्वारा घटना के संबंध में दर्ज कराए गए मुकदमे में नामजदगी को फर्जी बताते हुए कस्बे के व्यापारियों ने बाजार बंद कर धरना दिया। सूचना पर विधायक के अलावा एसडीएम और सीओ बुढ़ाना व्यापारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव ढिंढावली निवासी आरटीआई कार्यकर्ता कृष्णपाल पुत्र सूरजमल पिछले एक दशक से ज्यादा समय से कस्बे की मंगलापुरी मंडी में रहता है। वह चार दिन पूर्व गांव में अपने खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गया। घटना के संबंध में उसकी पत्नी ने कस्बा निवासी दो व्यापारी भाइयों अजय, विजय के अलावा बाबूराम, डॉ राजीव व दिनेश को नामजद करते हुए दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसको लेकर नामजद लोगों ने नामजदगी को फर्जी बताया था। इसे लेकर व्यापारियों में रोष व्याप्त है। नामजदगी के विरोध में शुक्रवार को व्यापारियों ने बाजार बंद कर सहकारी संघ लिमिटेड पर धरना दिया। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। धरने की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक उमेश मलिक, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी के अलावा एसडीएम बुढ़ाना दीपक कुमार, सीओ बुढ़ाना विजय प्रकाश व थाना प्रभारी विजय बहादुर सिंह भी धरनारत व्यापारियों के बीच पहुंचे।
विधायक ने व्यापारियों की बात सुनने के बाद कहा कि पुलिस प्रशासन घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करें। एसडीएम और सीओ ने विधायक सहित व्यापारियों को आश्वासन दिया कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। विधायक और अधिकारियों के आश्वासन पर व्यापारियों ने धरना समाप्त कर बाजार खोल दिया । धरने पर पूर्व प्रधान इरशद कुरैशी, सुखपाल जाटव, जफर कुरैशी , रणवीर आर्य, घनश्याम दास बंसल, उमेश मित्तल, शिवम सिंघल, अतुल सिंघल, ऋषिपाल सिंह, अजय गोयल, राजीव मित्तल, ओमेंद्र कुमार, यासीन कुरैशी, अनिल बंसल आदि व्यापारी मौजूद रहे।