चेयरपर्सन और ईओ को सम्मानित किया
बुढ़ाना। केंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 में नगर पंचायत बुढ़ाना को सहारनपुर मंडल में पहला स्थान प्राप्त होने से खुशी का माहौल है। नगर पंचायत के मीटिंग हॉल में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन नगरीय के जिला कार्यक्रम अधिकारी बलजीत सिंह ने नगर पंचायत की चेयरपर्सन बाला त्यागी व अधिशासी अधिकारी ओम गिरि को नंबर एक का प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। चेयरपर्सन बाला त्यागी ने कहा कि वे आगामी वर्ष में पूरी मेहनत के साथ विकास व सफाई कार्य आदि करवाकर नगर पंचायत को प्रदेश में नंबर एक पर लाने का उनका लक्ष्य रहेगा।
केंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छ भारत मिशन के तहत चार जनवरी से 31 जनवरी तक हुए स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 का परिणाम नगर पंचायत बुढ़ाना के पक्ष में आया। नगर पंचायत बुढ़ाना ने सहारनपुर मंडल में पहला स्थान व प्रदेश स्तर पर 11वां स्थान प्राप्त किया। इस सफलता पर स्वच्छ भारत मिशन नगरीय के जिला कार्यक्रम अधिकारी बलजीत सिंह ने नगर पंचायत के मीटिंग हॉल में एक कार्यक्रम में नगर पंचायत की चेयरपर्सन बाला त्यागी व अधिशासी अधिकारी ओमगिरि को नंबर एक का प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में सहयोग देने वाले नगर पंचायत के ब्रांड नायक डा राजीव कुमार को भी प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बलजीत सिंह ने कहा कि कुछ कमियां रही है, जिनके कारण हम प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त नही कर सकें। आगामी वर्ष में सभी कमियों को दूर करके प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त करने का प्रयास करेंगे। नगर पंचायत की चेयरपर्सन बाला त्यागी ने कहा की उनका लक्ष्य अब प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त करने का है। अधिशासी अधिकारी ओमगिरि ने बताया कि उनकी योजना कूड़े से कंपोस्ट खाद व सीएनजी तैयार करने की है। सीएनजी से बिजली बनाने की भी नगर पंचायत की योजना है। उन्होंने कहा कि कस्बे में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट लगाकर गंदे पानी को शुद्ध कर नाले में डाला जाएगा। कस्बे में सीवर लाइन बिछवाई जाएगी। इस मौके पर कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक दिनेश त्यागी, सतीश पंवार, सचिन कोरी, सचिन गोयल व नगर पंचायत सदस्य मौजूद रहे।