स्कूटी-बाइक की भिड़ंत के बाद मारपीट पर बखेड़ा
मुजफ्फरनगर। शहर के रुड़की रोड पर स्कूटी व बाइक की भिड़ंत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। पहले भिड़ंत से गुस्साई युवती ने बाइक सवार को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद बाइक सवारों ने युवती के साथ ही उसके मां-बाप को भी धुन दिया और फरार हो गए। लोगों ने पास ही में दुकान करने वाले एक युवक को हमलावरों का साथी होने के शक में पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके विरोध में क्षेत्र के दुकानदार थाने जा पहुंचे और युवक को बेकसूर बताकर छोड़ने की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजड़ू के मोहल्ला दीन मोहम्मद निवासी अपनी पत्नी व युवा बेटी के साथ स्कूटी पर मंगलवार शाम मार्केट में घूमने आया था। जैसे ही उक्त परिवार रुड़की रोड पर गुरुद्वारे वाली गली के निकट पहुंचे, सामने से रांग साइड आ रहे बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। स्कूटी सवार परिवार ने युवकों का विरोध किया तो उनके बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद बढ़ने पर स्कूटी सवार युवती ने आगबबूला होते हुए बाइक सवार युवक को थप्पड़ मार दिया। इस पर बाइक सवार तीनों युवकों ने युवती के साथ ही उसके मां-बाप से भी मारपीट कर दी और धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना पर पीड़ित परिवार के परिजन मौके पर पहुंच गए और पास ही दुकान करने वाले एक युवक को हमलावरों का साथी होने के शक में पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दुकानदार के पकड़े जाने को लेकर आसपास के दुकानदारों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने थाने पहुंचकर युवक को बेकसूर बताते हुए उसे छोड़ने की मांग करते हुए हंगामा कर दिया। वहीं, युवती पक्ष के लोग भी थाने जा पहुंचे और आरोपी दुकानदार को छोड़ने का विरोध करते हुए हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। युवती पक्ष द्वारा देर रात घटना की तहरीर देने की तैयारी की जा रही थी। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि युवती व उसके माता-पिता का मेडिकल करा दिया गया है। तहरीर आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।