फ्रेंच नृत्य से छात्र-छात्राओं ने दर्शकों का मन मोहा
मुजफ्फरनगर। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में क्रिसमस पर नाटक के द्वारा प्रभु यीशु के जन्म की कहानी बताई गई। फ्रेंच नृत्य से बच्चों ने सबको लुभाया। शिक्षकों ने प्रभु यीशू का शांति और बलिदान का संदेश दिया।
प्राथमिक विभाग के छात्र-छात्राओं ने बम-बम भोले गीत पर नृत्य किया। फ्रेंच डांस से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रधानाचार्या हरजिंदर कौर ने कहा कि क्रिसमस पूरे विश्व के लिए विशेष दिन है। इस दिन यरुशलम में विश्व को शांति एवं बलिदान का संदेश देने वाले प्रभु यीशु ने जन्म लिया था। सेंटा क्लॉज बनकर विद्यार्थियों को उपहार दिए गए। डीएस पब्लिक स्कूल में सेंटा क्लॉज के वेश में सजकर आए नन्हे-मुन्नों ने जिंगल बेल की धुन पर जमकर नृत्य किया। टॉफियां, बिस्कुट, चाकलेट एवं अन्य उपहार बांटे गए। जगमगाते क्रिसमस ट्री से वातावरण में खुशियां भर गईं। प्रधानाचार्या संतोष जैन ने प्रभु यीशू के जीवन से जुड़े किस्से सुनाए। स्कूल प्रशासक गगन शर्मा ने नववर्ष एवं क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं।
मालवीय के सिद्धांतों को अपनाने पर दिया जोर
मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड स्थित लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में महामना मदन मोहन मालवीय जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई। शुभारंभ प्रधानाचार्य सतीश उपाध्याय ने मां शारदा एवं मदन मोहन मालवीय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि मदन मोहन मालवीय के मन में दृढ़ इच्छा थी कि ऐसी शिक्षा पद्धति और शिक्षा संस्थान भारत में स्थापित हों जहां भारतीय संस्कृति उचित सम्मान पाए। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय उसी इच्छा का प्रतिफल है। मुख्य वक्ता सुनील कुमार ने मालवीय जी के जीवन की घटनाओं का जिक्र किया और उनके सिद्धांतों को अपनाने पर जोर दिया।