खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत
जानसठ। हरिद्वार में राष्ट्रीय खेल संघ की ओर से आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में क्षेत्र के कई खिलाड़ियों ने कई पदक जीत कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गांव तालड़ा निवासी खिलाड़ी निखिल ने जूडो कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। खिलाड़ियों का गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने स्वागत किया।
हरिद्वार में भारतीय खेल संघ द्वारा गत सप्ताह एक राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जानसठ क्षेत्र के कई खिलाड़ियों ने भाग लिया। क्षेत्र के गांव तालड़ा निवासी निखिल कुमार ने जूडो कराटे प्रतियोगिता में भाग लिया। उसने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता। वहीं, सौरभ कुमार ने बैडमिंटन प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक पर कब्जा किया। कबड्डी प्रतियोगिता में अंशुल पाल, सुदेश, सौरभ कुमार, अभिषेक सैनी, कविसर कुमार, राजन कुमार, प्रशांत कुमार ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग की 400 मीटर की दौड़ में आर्यन सैनी ने तृतीय स्थान व सीनियर वर्ग में ललित कुमार ने द्वितीय स्थान तथा अभिषेक सैनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ी निखिल कुमार ने बताया कि हरिद्वार में तीन दिन तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के अलग अलग प्रदेशों महाराष्ट्र, एमपी, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत करीब 10 प्रदेश के खिलाड़ियों ने भाग लिया था।