भैंसा बुग्गी के नीचे दबने से मजदूर की मौत
मोरना। सोलानी नदी को पार करते समय भैंसा बुग्गी पलट गई, जिसके नीचे दबने से मजदूर की मौत हो गई। मजदूर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
भोपा के गांव करहेड़ा निवासी 45 वर्षीय विनोद पुत्र ईश्वर मजदूर था। शनिवार को वह मजदूरी के लिए भैंसा बुग्गी लेकर शुक्रताल खादर क्षेत्र के नन्हे घाट पर जा रहा था। सोलानी नदी को पार करते समय अचानक भैंसा बुग्गी का संतुलन बिगड़ गया तथा बुग्गी पलट गई, जिसके नीचे दबने से विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के ग्रामीणों ने मजदूर के शव को बमुश्किल बुग्गी के नीचे से निकाला गया। विनोद की अचानक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार दोपहर को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। हादसे के दौरान भैंसा बिदक कर बुग्गी से निकल कर कहीं चला गया। भैंसा को ग्रामीण तलाश करने में लगे हैं।