हत्याभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना घेरा
पुरकाजी। भोजाहेड़ी के ठेकेदार आबाद हत्याकांड में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने थाने का घेेराव किया। पुलिस द्वारा एक आरोपी की गिरफ्तारी हो जाने की जानकारी देने पर ग्रामीण लौट गए।
चार जून को ग्राम भोजाहेड़ी निवासी लकड़ी ठेकेदार आबाद की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था। दो दिन तक किसी भी हत्यारोपी की गिरफ्तारी न होने पर ग्रामीणों ने छह जून को उसका शव थाने पर लाकर जमकर हंगामा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। इस दौरान पुलिस ने 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। समयावधि समाप्त होने पर शनिवार की सायंकाल जिला पंचायत सदस्य सचिन शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीण थाने पहुंचे और हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों की संख्या देखकर पुलिस ने थाने का मेन गेट बंद कर लिया। ग्रामीणों को बताया कि एक आरोपी साकिब की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिस पर ग्रामीण लौट गए। इस दौरान इरशाद फरीदी, मुबारक, इस्तखार प्रधान, महबूब, पप्पू, नफीस, सन्नी गुर्जर, देवेंद्र गुर्जर आदि ग्रामीण मौजूद रहे।