ग्राम स्वराज अभियान में 20 गावों में चलेगा मिशन इंद्रधनुष
मुजफ्फरनगर। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि 23 से 27 अप्रैल तक ग्राम स्वराज अभियान के तहत 20 ग्रामों में टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। टीकाकरण अभियान में चयनित गांवों में गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण भी किया जाएगा। सीएमओ को निर्देश दिए कि 23 अप्रैल को संवेदनशील होकर अधिकतम बच्चों और महिलाओं का टीकाकरण कराएं।
डीएम ने कलक्ट्रेट में ली बैठक में कहा कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत जनपद के 20 ग्रामों ग्राम बाढ, अकबरगढ़, रसूलपुर, रुकनपुर, कसियारा, कल्लरपुर, बाननगर, भैंसानी, लखनोती, अब्दुलपुर, खेड़की, इस्लामाबाद, बाहपुर, मुबारिकपुर, जंधेडी जाटान, जलालपुर नीला, कासमपुर भुम्मा, शुक्रतारी, सहावली और मिमलाना में बच्चों और महिलाओं के टीकाकरण से पूर्ण संतृप्त किया जाएगा। सभी एमओआईसी को मिशन इंद्रधनुष के पत्र की प्रति उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सभी एमओआईसी पत्र में दी गई गाइड लाइन के अनुसार कार्य करेंगे। चिकित्सक संवेदनशील होकर अपने कार्यों को अंजाम दें। बैठक में सीएमओ पीएस मिश्रा सहित सभी प्रभारी चिकित्सक मौजूद रहे।