कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता रंजन मित्तल पर गैंगस्टर लगाए जाने से वकीलों में आक्रोश है। इसके विरोध में हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति पश्चिमी उप्र ने 13 फरवरी मंगलवार को हड़ताल करने की घोषणा की है।
नईमंडी निवासी रंजन मित्तल के खिलाफ निर्वतमान डीएम जीएस प्रियदर्शी के आदेश पर 31 जनवरी को शहर कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट 2/3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जिससे अधिवक्ताओं में आक्रोश है। सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार त्यागी और महामंत्री सुगंध जैन ने बृहस्पतिवार को हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति पश्चिमी उप्र के चेयरमैन रोहिताश्व कुमार अग्रवाल को पत्र भेजकर उन्हें इसकी जानकारी दी। जिस पर शुक्रवार को चेयरमैन रोहिताश्व कुमार अग्रवाल ने 13 फरवरी मंगलवार को हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार त्यागी ने बताया कि रंजन मित्तल सिविल बार एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य हैं, जिनके खिलाफ साजिश के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस मामले को लेकर 13 फरवरी को पश्चिमी उप्र के सभी जिलों के अधिवक्ता हड़ताल पर रहेंगे। डीएम के माध्यम से सीएम योगी को ज्ञापन भेजकर इस मुकदमे को वापस लेने की मांग करेंगे।