रोडवेज पर हंगामा, तीन घंटे ठप रखा संचालन
मुजफ्फरनगर। रोडवेज डिपो पर कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। हंगामा कर कर्मचारियों ने करीब तीन घंटे तक डिपो में बसों का संचालन रोके रखा। एआरएम का घेराव कर लंबित मांगों पर कोई ध्यान न दिए जाने के आरोप लगाए। इसके बाद प्रबंध निदेशक को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की गई।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के संगठन मंत्री अनुज त्यागी के नेतृत्व में मंगलवार को डिपो में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से कर्मचारियों की मांगे लंबित पड़ी हैं, जिन पर परिवहन निगम ध्यान नहीं दे रहा है। कर्मचारियों को सातवें वेतन का लाभ नहीं मिल रहा है, जबकि महंगाई भत्ता का भी भुगतान नहीं किया जा रहा है। इससे कर्मचारी परेशान हैं। संविदा कर्मचारियों के पारिश्रमिक में बढ़ोतरी समेत अनेक मांगे लंबित हैं। अधिकारी आश्वासन देकर काम चला रहे हैं, अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों ने डिपो में धरना देकर एआरएम का घेराव किया। कर्मचारियों ने साफ कर दिया कि अब धैर्य की सीमा समाप्त हो गई है। उनकी मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। कर्मचारियों के हंगामा-प्रदर्शन से करीब तीन घंटे तक डिपो का संचालन बाधित रहा। कर्मचारियों ने डिपो से बस नहीं निकलने दी। बाद में एआरएम बीपी अग्रवाल को प्रबंध निदेशक के नाम नौ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की गई। एआरएम ने कर्मचारियों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। इस दौरान अध्यक्ष चंद्रशेखर पांडेय, महामंत्री गिरीशचंद्र मिश्र, संगठन मंत्री अनुज त्यागी, अमरीश त्यागी, सुधीर त्यागी, राजेश कुमार, छविलाल सिंह, सुनील, अरुण, महिपाल, अरविंद आदि मौजूद रहे।