मुजफ्फरनगर। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष वीके सिंह ने कहा कि कॉलोनाइजर्स और बिल्डर्स कहीं भी अवैध निर्माण न करें। अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई होगी। अपनी कालोनियों में पौधारोपण पर विशेष ध्यान दें।
प्राधिकरण के सभाकक्ष में हुई बैठक में वीसी वीके सिंह ने कहा कि कॉलोनाइजर्स अपनी कालोनी में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें। मानचित्र की स्वीकृति के अनुसार कॉलोनी के आंतरिक विकास की शर्तों का भी अनुपालन करें। कॉलोनी को पूर्ण विकसित कर पूर्णता का प्रमाण पत्र भी ले लें। अन्यथा प्राधिकरण नियमानुसार कार्रवाई को बाध्य होगा। वीसी ने सभी से पौधारोपण की अपील की। वसुंधरा के डायरेक्टर अमित चौधरी और सुमित ने कालोनी में 700 पौधे लगाने का आश्वासन दिया। द्वारिका के अजय बंसल ने 500 पौधे लगाने, एटूजेड के देवेंद्र दहिया, मजहर सुल्तान ने 750, गोकुल सिटी के दिनेश राठी और रवि ने 500, ग्रीन सिटी के संजय रायल ने 400 पौधे लगाने का आश्वासन दिया। प्रेमकुंज कॉलोनी के शिव नारायण मौजूद रहे। इस अवसर पर स्वीकृति के समय बकाया राशि को भी कॉलोनाइजर्स से जमा कराने के लिए कहा गया। वसुंधरा पर 57 लाख और ड्रिम सिटी पर 84 लाख राजस्व बकाया है। बैठक का संचालन सचिव राजवीर सिंह मावी ने किया।