देवबंद (सहारनपुर)। बदमाश की धरपकड़ के लिए एसओजी की टीम ने मंगलवार को नगर के मोहल्ला शाहजीलाल में दबिश दी। सादे कपड़ों में हाथों में असलहा के साथ टीम को देखकर लोग बदमाश समझ बैठे और बाजार में बदमाश आने का शोर मच गया, जिससे दहशत बन गई थी। वहीं, एक पत्रकार ने मोबाइल फोन से रिकार्डिंग की, तो उसकी पिटाई कर दी गई।
मंगलवार को अपराह्न करीब तीन बजे बिना नंबर की सफेद रंग की कार यूनियन तिराहे पर रुकी। जिसमें सवार पांच से छह लोग हाथों में असलहा लेकर मोहल्ला शाहजीलाल पहुंचे। इसे देखकर आसपास के दुकानदारों में दहशत पसर गई और बदमाश आने की अफवाह फैल गई। चर्चा रही कि दबिश देने पहुंची टीम ने तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की। वहीं, देवबंद निवासी पत्रकार तसलीम कुरैशी वहां पहुंचा और मोबाइल फोन से रिकार्डिंग करने लगा। रिकार्डिंग का विरोध कर एसओजी टीम के सदस्यों ने तसलीम की पिटाई कर दी और मोबाइल फोन छीनकर सड़क पर फेंक दिया। इसके बाद टीम सहारनपुर की तरफ लौट गई। उधर, तसलीम की पिटाई को लेकर पत्रकारों ने देवबंद कोतवाली पहुंचकर नाराजगी जताई। इस दौरान सीओ अजेय शर्मा भी वहां पहुंच गए। जिन्होंने पत्रकारों को समझाने का प्रयास किया। सीओ अजेय शर्मा का कहना है कि मामले की जांच कराकर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजेंगे। इस मामले में एसपी देहात विद्या सागर मिश्र का कहना है कि एसओजी टीम दबिश देने गई थी, दबिश के दौरान वीडियो रिकार्डिंग करने के विरोध पर युवक से विवाद हुआ था, टीम द्वारा फायरिंग नहीं की गई।