होली का त्योहार रंगों के साथ मनाएं
मुुजफ्फरनगर। गांव बघरा में वैदिक चेतना के तत्वावधान में होली मिलन कार्यक्रम के तहत यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शराब का विरोध करते हुए होली का त्योहार रंगों के साथ उत्साह से बनाने का आह्वान किया गया।
इस कार्यक्रम में ब्रह्मचारी मृगेंद्र आचार्य ने वेद मंत्रों से विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया। वैदिक चेतना के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी यशवीर सरस्वती ने कहा कि होली का पर्व प्राचीन काल से मनाया जाता रहा है। इस दिन प्राचीन काल से ही यज्ञ होता आ रहा है। कुछ लोग होली के पावन पर्व पर शराब, मीट, अंडे, भांग आदि पदार्थों का सेवन करते हैं तथा अपनी दुश्मनी निकालने की फिराक में रहते हैं। हमें होली उसी प्रकार मनानी चाहिए, जिस प्रकार से हमारे पूर्वज मनाते थे। उन्होंने कहा कि होली रंगों से खेले, शराब से नहीं। यजमान दीपक कुमार सपत्नीक रहे। यज्ञ में हिमांशु, सौरव, चेतन, शिवानी, सोमवती, रूबी, मोहित कुमार, राजबल, तेजपाल सिंह, जितेंद्र आदि ने आहुति दी और प्रसाद ग्रहण किया।