मोरना मिल का विस्तारीकरण कराने की वकालत
मोरना। दि गंगा किसान चीनी मिल मोरना के विस्तारीकरण को लेकर भाजपा संासद, विधायक व भाजपा कार्यकर्ताओं सहित क्षेत्रीय किसानों का प्रतिनिधिमंडल लखनऊ में प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री और गन्ना आयुक्त से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की ज्वलंत समस्याओं से अवगत कराते हुए मोरना मिल की गन्ना पेराई क्षमता को बढ़ाने की मांग रखी। गन्ना मंत्री ने आगामी बजट में प्रस्ताव पास कराकर मिल का विस्तारीकरण कराने की बात कही।
मोरना मिल विस्तारीकरण को लेकर क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ताओं पर किसानों का भारी दबाव बना हुआ है। लगातार धरना प्रदर्शन के साथ-साथ युवा किसान द्वारा अनशन भी किया जा चुका है। बिजनौर के सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह, खतौली विधायक विक्रम सैनी, युवा नेता अमित राठी के नेतृत्व में डायरेक्टर बिन्नू राठी, रजत राठी, राजीव चेयरमैन, बाबूराम राठी, हरपाल माजरा, ओमपाल बिहारगढ़, पुलकित, जितेंद्र गड़वाड़ आदि किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ स्थित आवास पर जाकर गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा से मिले। प्रतिनिधिमंडल ने मोरना मिल को प्राथमिकता देकर जल्द से जल्द विस्तारीकरण कराकर मोरना क्षेत्र के किसानों को इस विकट गन्ना समस्या से निजात दिलाने की मांग रखी। इस पर गन्ना राज्यमंत्री ने किसानों के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए मिल विस्तारीकरण की योजना में मोरना मिल व गजरौली चीनी मिल को प्राथमिकता देते हुए फरवरी 2019 मे के प्रदेश सरकार में इसका बजट भेजकर पास कराने को कहा। वहीं, प्रदेश सरकार ने अनुपूरक बजट के द्वारा किसानों के संपूर्ण गन्ना भुगतान को लेेकर 55 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। इसमें प्राइवेट चीनी मिल को चार हजार करोड़, सरकारी को एक हजार करोड़ व 500 करोड़ गन्ना विभाग के अन्य कार्यो के लिए भेजे गए है। यह पैसा किसानों के सीधे खातों में भेजा जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना आयुक्त भूसर रेड़ी से मिलकर किसानों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।