बस पेड़ से टकराई, महिला सहित कई घायल
जानसठ। खतौली तिराहे के पास अनियंत्रित होकर बस पेड़ से जा टकरा गई। हादसे में बच्चे और महिलाओं सहित छह से अधिक यात्री घायल हो गए। पेड़ से टकराने के दौरान बस में सवार महिलाओं व बच्चों की चीख पुकार मच गई थी। घायलों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया।
मंगलवार को मुजफ्फरनगर व मीरापुर रूट की प्राइवेट बस मुजफ्फरनगर से मीरापुर जा रही थी। बस पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर खतौली तिराहे के पास स्थित एंबिएंस एकेडमी के सामने पहुंची तो बस की तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। बस के टक्कर लगते ही सवारियों में अफरातफरी मच गई। महिलाओं बच्चों की चीख पुकार निकलने लगी। यात्रियों की चीख पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे लोगों ने सवारियों को बस से उतारा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राजेंद्र नागर मौके पर पहुंचे और घायल यात्रियों को सीएचसी में भर्ती कराया। घायल यात्रियों में हस्तिनापुर निवासी बबीता उसकी पुत्री निशु, मुजफ्फरनगर निवासी लीलावती, राजकुमारी, सीमा व राजेश, गांव सालारपुर निवासी ओमपाल, गांव बसायच निवासी मनीषा, गांव रहड़वा निवासी पारुल व उसका बालक जितेश, रविंद्र सोनू घायल हुए। बस यात्रियों ने इंस्पेक्टर राजेंद्र नागर को बताया कि ड्राइवर मुजफ्फरनगर से बस को तेज गति से चला रहा था। यात्रियों के तेज गति से बस चलाने से मना करने के बाद भी चालक ने उनकी बात नहीं सुनी और बस पेड़ जा टकराई। इंस्पेक्टर ने बताया कि जहां बस टकराई है, उसी के सामने स्कूल है. जिसका छुट्टी का भी समय हो रहा था। कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। बस का चालक व परिचालक फरार हो गए हैं। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।