अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। हाइवे पर बीबीपुर चेकपोस्ट के निकट वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव निजामपुर निवासी राहुल ने नई मंडी कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई ओमवीर सिंह शनिवार रात शहर से बाइक पर घर की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह हाइवे पर बीबीपुर चेकपोस्ट के निकट पहुंचा, अचानक पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में ओमवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सूचना पर पहुंची पुलिस ने जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया। यहां से ओमवीर सिंह को गंभीर हालत के चलते प्राथमिक उपचार देकर मेरठ के लिए रेफर कर दिया, जिसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
बुजुर्ग ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
मुजफ्फरनगर। शहर के सरवट फाटक पर रविवार सुबह एक वृद्ध ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुजुर्ग व्यक्ति काफी देर से रेलवे ट्रैक के पास ही टहल रहा था। इसी दौरान जब ट्रेन वहां पहुंची तो बुजुर्ग ने अपनी गर्दन रेल की पटरियों पर रख दी, जिससे उसकी गर्दन धड़ से अलग हो गई। बुजुर्ग की जेब से निकले कागजों के आधार पर उसकी पहचान नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी चरणसिंह के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे बुजुर्ग के बेटे अनिल ने तहरीर देकर वृद्ध पिता के लंबे समय से बीमारी से त्रस्त होने व उसी के चलते आत्महत्या करने की जानकारी दी। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।