परिषद के कर्मचारी फीता से करेंगे गन्ना सर्वे
मंसूरपुर। गन्ना विकास परिषद की बैठक परिषद कार्यालय में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से किसानों को 50 प्रतिशत छूट पर कृषि यंत्र देने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में मंसूरपुर शुगर मिल से गन्ना परिषद का बकाया कमीशन देने की मांग की गई, जिससे विकास कार्यों को ठीक प्रकार से कराया जा सके। सभी सदस्यों ने बैठक में रोष प्रकट किया कि सदस्यों द्वारा दिए गए सड़कों के निर्माण प्रस्ताव पर प्रशासन गंभीरता से विचार नहीं करता। जनप्रतिनिधियों के दबाव में जिला प्रशासन अपने मन मुताबिक सड़कों के प्रस्ताव भेज देता है। परिषद के चेयरमैन रुपेंद्र सिंह ने बताया कि परिषद के कर्मचारी फीते से गन्ने का सर्वे कर रहे हैं। अबकी बार मिल एसोसिएशन ने शासन को लिखकर दे दिया है कि वे सर्वे में कोई सहयोग नहीं करेंगे। इससे पहले परिषद और मिल कर्मचारी संयुक्त रूप से गन्ने का सर्वे जीपीएस सिस्टम से करते थे। जीपीएस मशीनें मिल कर्मचारियों के पास है। परिषद कर्मचारियों के पास जीपीएस मशीन नहीं है, इसलिए परिषद के कर्मचारी फीते से गन्ने का सर्वे कर रहे हैं। चेयरमैन ने बताया कि उनके तथा परिषद के संचालकों के द्वारा गत माह परिषद के जूनियर इंजीनियर गोपाल सिंह की कार्य के प्रति लापरवाही की शिकायत उप गन्ना आयुक्त सहारनपुर के यहां लिखित में की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए उप गन्ना आयुक्त ने जूनियर इंजीनियर का तबादला कर दिया है। बैठक में संचालक कल्लू प्रधान, जगपाल जोहरा, इंदर भगत जी, चांदवीर, सुरेंद्र सिंह, विजेंद्र सिंह, अमित त्यागी आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता चेयरमैन रुपेंद्र मौलाहेड़ी और संचालन परिषद के डिप्टी डा. उपेंद्र कुमार ने किया।