गोवंश का अवशेष मिलने से सनसनी
मीरापुर। गोतस्करों ने गोवंश की हत्या करने के बाद उसका मांस निकालकर अवशेष चुड़ियाला रजवाहे मे फेंक दिए। पुलिस और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर अवशेषों को जमीन में दबा दिया।
शनिवार दोपहर रजबहे की पटरी से जाने वाले किसानों ने रजवाहे में एक गोवंश का कटा सिर व अन्य अवशेष बहते देखे तो सनसनी फैल गई। किसानों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। एसओ मनोज चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उधर, हिंदू युवा वाहिनी जिला मंत्री दीपक कृष्णात्रेय के नेतृत्व में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और घटना पर रोष प्रकट किया। एसओ ने पशु चिकित्सक समीर बिंदल को बुलाकर अवशेषों का परीक्षण कराया और कार्रवाई कर जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर अवशेषों को दबा दिया। दीपक कृष्णात्रेय की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू की है।
गन्ने की फसल जली
मीरापुर। गांव जमालपुर के जंगल में आग लगने से करीब 25 बीघा गन्ने की फसल जलने से किसानों को ढाई लाख की आर्थिक हानि हुई है। शिवपुरी निवासी ओमकार सिंह पुत्र गजराज व जमालपुर निवासी सतेंद्र सिंह पुत्र कटार सिंह ने थाने में तहरीर दी। बताया कि शुक्रवार की शाम पड़ोसी किसान की लापरवाही से उनके गन्ने के खेतों में आग लग गई। इस आगजनी से करीब ढाई लाख रुपये की फसल जलकर नष्ट हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
वाहनों की भिड़ंत में बच्चों समेत छह घायल
मीरापुर। रामराज थाना क्षेत्र के गांव हासमपुर के निकट दो वाहनों की टक्कर में दो बच्चों समेत छह लोग घायल हो गए। हासमपुर निवासी विमला, कृष्णपाल, अनिता, दया, सरला व बालक सोनू अपने वाहन से रामराज से गांव की ओर जा रहे थे। विपरीत दिशा से आ रही आल्टो ने उनकी कार में टक्कर मार दी। दुर्घटना में महिलाओं व दो बच्चो समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार दिलाया।
दो पक्षों में मारपीट
मीरापुर। गांव खेड़ीसराय में नाली का कूड़ा निकालकर दूसरे के घर के सामने डालने को लेकर दो पक्षों मे मारपीट हो गई। इस घटना में दोनो पक्षों से चार महिलाओं को मामूली चोटें आई। पीड़ित महिला तारावती व करतारी ने एक दूसरे के विरुद्ध थाने जाकर तहरीर दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की।