सर्वे कराकर दी जाएगी किसानों को पर्चियां
मंसूरपुर। क्षेत्र के किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल समिति चेयरमैन अरुण बालियान व भाकियू नेता चंद्रपाल फौजी के नेतृत्व में शुगर मिल के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार दीक्षित से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अभी किसानों के पास काफी गन्ना है तथा उनके पास पर्चियां नहीं है। वार्ता में तय हुआ कि जिन किसानों के पास गन्ना है और उनकी पर्चियां समाप्त हो गई है, तो उनका सर्वे कराकर उन्हें शीघ्र ही पर्चियां दी जाएगी। यह भी तय हुआ कि गन्ना समिति सचिव के नेतृत्व में एक टीम बनाई जाएगी, जो मिल गेट व गन्ना क्रय केंद्र पर यह चेक करेगी कि कोई किसान बाहर से गन्ना तो नहीं ला रहा है। यदि किसी किसान के पास बाहरी गन्ना पकड़ा गया तो उसका भुगतान रोक दिया जाएगा। अगले साल के लिए उसका बांड समाप्त कर दिया जाएगा। उपाध्यक्ष अरविंद कुमार दीक्षित ने किसानों को आश्वासन दिया कि क्षेत्र का सभी गन्ना लेकर ही मिल बंद होगी। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से यह भी कहा कि किसान जल्दबाजी में गन्नों के साथ अगोला व पत्ती न लाए। मिल द्वारा 10 मार्च तक का भुगतान कर दिया गया है। इस मौके पर रविंद्र काकड़ा, वेदपाल सिंह, जगपाल जोहरा, नरेश त्यागी, सोमेंद्र, देवेंद्र कुमार आदि किसान शामिल रहे।