घर में घुसकर महिला को चाकू मारा
मुजफ्फरनगर। कुछ लोगों ने घर में घुसकर महिला पर चाकुओं से हमला कर उसे गंभीर घायल कर दिया।
शहर कोतवाली के मोहल्ला लद्दावाला निवासी शाहिद पुत्र अब्दुल हकीम ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसकी पुत्री अंजुम उर्फ अर्शी घर पर थी, तो तभी चंडीगढ़ के बेहलाना निवासी आसिफ, उसका पिता अफजाल व चाचा दानिश यहां उसके घर पहुंचे और उन्होंने उसकी पुत्री पर जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। आरोपियों ने उस पर चाकूओं से हमला कर जान से मारने का प्रयास किया। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपी जाते हुए जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की ओर से आरोपियों के खिलाफ घर में घुस कर हत्या का प्रयास करना और कपडेे फाड़ने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हमलावर रिश्तेदार बताए गए है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
सड़क हादसों में तीन घायल
मुजफ्फरनगर। विभिन्न स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के शनिधान मंदिर के पास एक सड़क हादसे में टांडा माजरा निवासी नितिन पुत्र राजीव सिंह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात युवक घायलाअवस्था में पड़ा मिला, उसे भी उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रोहाना मिल के पास हुए सड़क हादसे में अमीरनगर निवासी अमित पुत्र कंवरपाल घायल हो गया।
पड़ोसी पर किया हमला
मुजफ्फरनगर। मामूली कहासुनी को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को दबोच लिया और उसका शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
शहर कोतवाली के मोहल्ला दक्षिणी खालापार निवासी आजम पुत्र अजहर का मोहल्ले के ही शहजाद के साथ झगड़ा हो गया, जिसके चलते उसने शहजाद के साथ मारपीट कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आजम को हिरासत में ले लिया। बाद में उसका चालान कर दिया।