आकाश और प्रिंसी सबसे तेज धावक
मुजफ्फरनगर। गांधी पालीटेक्निक में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। दौड़ में आकाश और प्रिंसी सबसे तेज धावक निकले हैं। इनके अलावा कई खेलों में प्रतिभागियों ने खुद को साबित किया है। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि खेल के साथ युवा संस्कारवान और शिक्षावान बनें।
शुभारंभ प्रधानाचार्य कुलदीप शर्मा और शिक्षकों ने स्वामी कल्याण देव जी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। ध्वजारोहण और गुब्बारे छुड़ाकर खेलों का आगाज हुआ। प्रतियोगिताएं कराने के लिए टीमों को छह भागों में बांटा गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि आज देश में युवाओं की संख्या सबसे अधिक है। युवा वर्ग समाज और देश के विकास में योगदान दें, ताकि पिछड़े लोगों को भी आगे बढऩे का मौका मिले। खेल प्रतियोगिताओं से ग्रामीण स्तर पर छिपी प्रतिभाओं को निखरने का मौका मिलता है। इसके बाद 200 मीटर दौड़ में प्रिंसी, किरण, स्वाति, 1500 मीटर दौड़ में आकाश, नवीन कुमार, मोहम्मद कासिम क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। लंबी कूद में छात्र अरविंद गुप्ता प्रथम, प्रियेश राय द्वितीय, बालगोविंद कुशवाहा तृतीय स्थान पर रहे हैं। शॉटपुट में प्रियेश, राहुल कुमार, अखिलेश कुमार, शॉटपुट छात्रा वर्ग में आस्था दत्त, किरण, अवंतिका क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रही। विजेता प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन कर उन्हें पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में स्टाफ और शिक्षकों का योगदान रहा।