साइलेंट चुनाव के कारण सभी प्रत्याशी हैरान
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)।
नगर निकाय चुनाव में मतदान को लेकर मुस्लिम मतदाताओं में अधिक दिलचस्पी दिखाई दी। साथ ही युवाओं और महिलाओं ने भी मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस बार साइलेंट चुनाव को देखकर सभी प्रत्याशी हैरान हैं। साइलेंट चुनाव ने प्रत्याशियों का गणित बिगाड़ दिया है। डीएम, एसएसपी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
रविवार की सुबह 11 बजे से पहले सभी मतदान केंद्रों पर मुस्लिम महिला और पुरुष मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं। मतदाताओं का मतदान केंद्र पर पहुंचना दस बजे के बाद आरंभ हुआ। कस्बे के स्वामी कल्याण देव इंटर कॉलेज में पहुंचे एसडीएम ने वोट डालकर जाती तीन महिलाओं को रोक लिया। उनकी उंगली पर निशान न देखकर वे नाराज हुए। एसडीएम ने तीनों महिलाओं की उंगलियों पर अपने सामने निशान लगवाया। मतदान के दौरान सभी बूथों पर कुछ मतदाता निराश घूमते दिखाई दिए। मतदाताओं ने बताया कि वोटर लिस्ट में उनका नाम कट जाने से वे मतदान से वंचित रह गए हैं। दोपहर करीब एक बजे चुनाव प्रेक्षक देवाशीष पांडा लाव-लश्कर के साथ कस्बे के नार्मल स्कूल में मतदान केंद्रों पर पहुंचे।
उन्होंने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रेक्षक के चले जाने के करीब आधा घंटा बाद डीएम जीएस प्रियदर्शी व एसएसपी अनंत देव भी बुढ़ाना पहुंचे। मतदान केंद्रों के अंदर वोट डालकर खड़े होने वालों को उन्होंने फटकार लगाई । कस्बे में शांतिपूर्वक चल रहे चुनाव को देखकर उन्होंने राहत महसूस की। शाम को चार बजे से पांच बजे तक मतदान में फिर तेजी आई। बुढ़ाना के नगर निकाय के चुनाव में इस बार मतदाताओं ने अपने पत्ते नहीं खोले। नगर निकाय के इस साइलेंट चुनाव को देखकर सभी प्रत्याशी हैरान हैं। साइलेंट चुनाव ने प्रत्याशियों का गणित बिगाड़ दिया है। कस्बे में वोटों का ध्रुवीकरण भी हुआ है। सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मत पेटियों में बंद हो चुका है।