बुखार से युवक की मौत
भोपा(मुजफ्फरनगर)। भोपा में बुखार से युवक की मौत हो गई। एक सप्ताह में बुखार से यह दूसरी मौत हुई है। कई लोग अभी बुखार की चपेट में हैं।
भोपा निवासी हारुन का बेटा मोहसीन (21) बीते कई दिनों से बुखार की से पीड़ित था। परिजनों द्वारा निजी व सरकारी अस्पताल में उपचार भी कराया जा रहा था। दो दिन पूर्व मोहसीन की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, तो उसे बेगराजपुर मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। शनिवार सुबह उसकी हालत और बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों के अथक प्रयास के बाद भी उसकी जान नहीं बच सकी। बुखार से उसकी मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मचा है। चार दिन पूर्व भोपा निवासी कक्षा 9 की छात्रा शिवानी की भी बुखार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। बेहड़ा थ्रू में भी बुखार से किशोरी सहित कई मौतें हो चुकी हैं। क्षेत्र में कई लोगों की मौत से लोगों में भय बना हुआ है। भोपा सीएचसी पर आने वाले मरीजों में बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक है।
भूसे की ट्रॉली पलट जाने से लगा जाम
भोपा। भूसे की ट्रॉली पलटने से मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गया। बड़ी मशक्कत से वाहन दाएं-बाएं से गुजर रहे थे। शुक्रताल गंगा स्नान के मुख्य दिन भी भारी सामान से लदे वाहनों की आवाजाही बंद नहीं हो पाई, जिससे जाम की समस्या झेलनी पड़ी। भोपा की ओर से भूसे से भरी ट्रॉली कासमपुरा के पास मुख्य मार्ग पर पलट गई। मेले से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की बुग्गी भी ट्रॉली की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। ट्रॉली के पलटते ही मार्ग पर भूसा बिखर गया और मार्ग अवरुद्ध हो गया। काफी मेहनत के बाद वाहनों को दाएं-बाएं से गुजारा गया।