गोवंश कटान से विहिप-बजरंग दल में रोष
मुजफ्फरनगर। विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने शहर कोतवाली पुलिस के खिलाफ एसएसपी दफ्तर पर प्रदर्शन किया। गोवंश की चोरी और कटान की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर रोष प्रकट किया। एसएसपी ने इस संबंध में शहर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसएसपी को दिए ज्ञापन में विहिप जिलाध्यक्ष सचिन सिंघल ने अवगत कराया कि 13 अक्तूबर की रात शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामलीला टिल्ला की गली नंबर चार से बछिया को चोरी कर लिया गया था। वहीं, खाली प्लॉट में उसका कटान किया गया। पीड़ित राम गोपाल पुत्र ताराचंद ने बछिया को बहुत तलाश किया। उसके गले की रस्सी व घंटी मुन्ना, नौशाद, सुहैल और नईम के घर मिली। पुलिस ने शिकायत पर इनके विरुद्घ मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है। अब आरोपी मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहे हैं। बजरंग दल सह जिला संयोजक विकास अग्रवाल ने कहा कि अगर आरोपियों की गिरफ्तारी कर रासुका नहीं लगाई जाती है तो कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। प्रदर्शनकारियों में राधेश्याम विश्वकर्मा, ललित महेश्वरी, भूपेंद्र सिंह, मनीष लोहिया, अमित गुप्ता, मोहित बंसल, निकुंज सैनी, ऋतिक सिंह, शुभम, नितिन तायल, सतीश कौशिक, राघव बजरंगी, आशीष जैन, शुभम चाहल, विपांशु त्यागी, अंशुल त्यागी, शुभम त्यागी, सागर शर्मा, विवान चौधरी, वासु सिंघल, शिवांक वर्मा, कार्तिक जौहरी, विशाल लोदी, सुमित, कपिल, आदित्य, रवि कुमार आदि शामिल रहे।