भाकियू ने अफसरों को बंधक बनाया
भोपा (मुजफ्फरनगर)। भोपा सीएचसी पर चिकित्सक की तैनाती न होने व वहां फैली गंदगी को लेकर भाकियू ने तालाबंदी कर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे ड़िप्टी सीएमओ, सीओ भोपा व मोरना चिकित्सा प्रभारी को बंधक बनाया। सीएमओ के आश्वासन पर कार्यकर्ता शांत हुए। एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं होने पर मार्ग अवरुद्ध करने का भी अल्टीमेटम दिया। डिप्टी सीएमओ को ज्ञापन भी दिया।
भाकियू के मोरना ब्लॉक अध्यक्ष योगेश शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। मोरना पीएचसी प्रभारी संजीव कुमार व सीओ भोपा मोहम्मद रिजवान ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, तो भाकियू कार्यकर्ताओं ने उन्हें भी अपने बीच बैठा लिया। ड़िप्टी सीएमओ जीके मिश्रा ने मौके पर पहुंच कर समस्या सुन फोन पर सीएमओ से वार्ता कर एक सप्ताह के अंदर सारी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। बिट्टू प्रधान, सुरेंद्र बालियान, मोहम्मद आजिम, विकास डायरेक्टर, पलविंदर, दरियाव सिंह, सतबीर सिंह, अमीर सिंह, अजय कुमार,सुखबीर सिंह, रवि राठी आदि मौजूद रहे।
पुलिस पर फायरिंग कर भागे गोकशी के आरोपी
भोपा। सीकरी में गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस पर आरोपियों ने फायरिंग की। जवाब में पुलिस की ओर से फायर होते देख आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से चार क्विंटल मांस, एक गाय व एक बछडे़ को भी मुक्त कराया। पुलिस ने आधा दर्जन आरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बृहस्पतिवार सुबह भोपा पुलिस को सीकरी के एक बाग में गोकशी की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह पुलिस फोर्स को लेकर बसेड़ी मार्ग पर जंगल में पहुंचे, तो आरोपियों ने अपने आपको घिरा पाकर पुलिस टीम पर फायर करने शुरू कर दिए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी कई राउंड फायर किए, जिस पर आरोपी बाग के रास्ते जंगल से फरार हो गए। मौके पर एक गाय व बछड़ा, चार क्विंटल मांस, खाल, छुरी, पन्नी, तराजू बाट, कुल्हाड़ी आदि भी बरामद हुए। सीकरी में गोकशी पकड़ने व दबिश देने के दौरान पुलिस पर पहले भी कई बार हमला हो चुका है।