आवास विकास में समस्याओं का अंबार
खतौली। नगर की पॉश कॉलोनी आवास विकास में समस्याओं का अंबार है। कॉलोनी के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। नागरिकों ने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर विरोध प्रदर्शन भी किया। नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे चुनावों का बहिष्कार करेंगे।
लोगों का कहना था कॉलोनी के गंदे पानी की निकासी नहीं है। सीवर अट जाने से उनसे बदबू आती है। आवास विकास योजना के तहत बजट होने के बावजूद इंटरलॉकिंग का काम बंद है। नलकूप ठप पड़े हैं, खंभों पर स्ट्रीट लाइट नहीं जलती हैं। लोगों ने पार्कों पर अपना कब्जा कर लिया है। जिनमें कूड़ी, उपले और बिटोड़े रख लिए हैं, पार्कों और सड़क पर पशु बांधे जाते हैं। नागरिकों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों का भी कॉलोनी के विकास कराने की तरफ कोई ध्यान नहीं है। इस दौरान सुधीर पुंडीर, नीटू उपाध्याय, अंकित जाटव, संजय चौहान, पीतम प्रधान, रामअवतार शर्मा, देशराज, रजनीश, मंगल, हरिओम ठेकेदार, बबलू, संजय, हरेंद्र, कैलाशचंद कटारिया, ओमकार सिंह, बबलू, सतेंद्र, प्रदीप, नरेंद्र, रामवीर आदि शामिल रहे।