कोई बना भोले शंकर तो कोई बना गणेश
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना के कांधला रोड स्थित मेपल्स एकेडमी में शुक्रवार को स्कूली बच्चों ने शिव और पार्वती विवाहोत्सव धूमधाम से मनाया। इस मौके पर मासूम बच्चों ने पोशाक पहनकर शिव पार्वती, गणेश और कार्तिकेय के किरदार निभाए। बच्चों की प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मेपल्स एकेडमी में श्रावण मास की सुंदर ऋतु में बच्चों ने पौराणिक कथा के आधार पर शिव पार्वती विवाहोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया। बच्चों ने किरदारों को बखूबी निभाते हुए इनके विषय में जानकारी भी दी। शिव ने कहा कि वह संसार को पापमुक्त करते हैं। पार्वती ने कहा कि वह भगवान शिव की अर्द्धांगिनी हैं। गंगा ने कहा कि मैं पवित्र नदी हूं और पतितों को पावन करती हूं। नंदी ने कहा कि वह भगवान शंकर का वाहन हूं और ओम नम: शिवाय का जाप करता हूं। कार्तिकेय ने मनुष्य के श्रेष्ठ कर्म करने पर बल दिया। इस दौरान बच्चों ने भगवा वेशभूषा धारण कर शिव नृत्य किया। इस मौके पर विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. गरिमा वर्मा ने बच्चों को पावन त्योहार के बारे में विस्तृत जानकारी दी। विद्यालय के प्रबंधक राजीव गर्ग ने बच्चों की शानदार प्रस्तुति की सराहना की। कार्यक्रम में कोआर्डिनेटर रितू मनचंदा, शिल्पा शर्मा, ज्योति, दीपशिखा, हेमा, रूबी, वंदना, रुचि आदि का विशेष सहयोग रहा।