वाहनों को नहीं मिला डीजल, गंदगी फैली
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका की एटूजेड कंपनी को भुगतान नहीं होने से शहर में गंदगी के अंबार लग गए। मंगलवार को कंपनी के वाहनों को डीजल नहीं मिलने से कूड़ा उठाने का सिस्टम ठप रहा। आनन-फानन में पालिका अधिकारियों तक शिकायत पहुंची तो हड़कंप मच गया। पंप मालिक ने बिना भुगतान तेल देने से इंकार कर दिया। शाम तक भी मामले का हल नहीं निकल सका।
नगर पालिका ने रोजाना डलावघरों से कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट एटूजेड कंपनी को दे रखी है। कंपनी के करीब 8 से 10 वाहन रोजाना कूड़ा उठाते हैं। पालिका में चेयरमैन की कुर्सी को लेकर चल रही उठापटक में एटूजेड कंपनी का भुगतान रूक गया। अभी तक कंपनी उधारखाते से वाहनों में डीजल भरवा रही थी। मंगलवार को कंपनी के वाहन कूड़ा उठाने से पहले डीजल डलवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंच गया। मेरठ रोड स्थित पेट्रोल पंप मालिक ने भुगतान नहीं होने के चलते डीजल देने से हाथ खड़े कर दिए। घंटों तक वाहन पंप के बाहर ही खड़े रहे। खबर मिलने पर कंपनी के मैनेजर रावेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और बातचीत की, मगर कोई हल नहीं निकल सका। पालिका अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। वाहनों में डीजल नहीं होने के कारण मंगलवार को कंपनी ने शहर का कूड़ा नहीं उठाया। इससे जगह-जगह गंदगी के अंबार लगे रहे। आनन-फानन में मामले का हल निकालने का प्रयास किया। अधिशासी अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि कंपनी का भुगतान रुका था, जिसे जारी करा दिया गया है। बुधवार से कंपनी शहर में यथावत कार्य करेगी।