राधा-कृष्ण की लीलाओं का मंचन किया
मुजफ्फरनगर। राधाष्टमी का पर्व भजनों की मंत्रमुग्ध करने वाली प्रस्तुति के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर राधा-कृष्ण की लीलाओं का मंचन भी किया गया। श्रद्धालु बरसाने की राधा के भजनों पर जमकर झूमे।
इनरव्हील क्लब द्वारा राधाष्टमी का पर्व अंसारी रोड पर डॉ मंजू प्रभाकर के संस्थान पर हुआ। संगीता सिंह, संगीता गोयल, वर्षा जैन ने भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी। राधा-कृष्ण के अलौकिक प्रेम को भजनों के माध्यम से भव्य रूप दिया। उन्होंने बताया कि राधा भाग्यवान है जो भगवान श्रीकृष्ण उनके भाव में बंधे हैं। राधा तू बडभागिनी कौन तपस्या कीन, तीन लोक के नाथ तो है तेरे आधीन। चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण से मिलने के लिए राधा की पूजा जरूरी है। मंजू प्रभाकर ने कहा कि इनरव्हील क्लब समाज हित के कार्यों के साथ राष्ट्र प्रेम और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम भी कराता है।