लक्ष्य स्कूल ने कबड्डी चैंपियनशिप जीती
मुजफ्फरनगर। उत्तराखंड के रुड़की में हुई रूरल कबड्डी नेशनल चैंपियनशिप में लक्ष्य स्कूल बघरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
उत्तराखंड के रुड़की में नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई रूरल कबड्डी नेशनल चैंपियनशिप में अलग-अलग राज्यों से कई टीमों ने प्रतिभाग किया। जनपद से लक्ष्य एजूकेशनल एंड स्पोर्ट्स स्कूल मुरादपुरा, बघरा की टीम ने उत्तर प्रदेशीय टीम के तौर पर प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतियोगिता में भाग लिया। स्कूल कोच शक्तिराज सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में जूनियर बालिका वर्ग में स्कूल की पांच खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें टीम ने फाइनल में दिल्ली की टीम को हराकर चैंपियनशिप जीती। सब जूनियर बालक वर्ग में स्कूल के छह खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया और टीम ने फाइनल में उत्तराखंड की टीम को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि रूरल गेम्स डेवलपमेंट एसोसिएशन के सचिव कुलवीर चौधरी ने चैंपियनशिप जीतने वाले बच्चों व उनके कोच को मैडल, ट्रॉफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। लक्ष्य एजूकेशनल एंड स्पोर्ट्स स्कूल बघरा के प्रबंधक पंकज बालियान व प्रधानाचार्या नीरज पंवार ने स्कूल टीम को शानदार उपलब्धि हासिल करने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।