मोरना (मुजफ्फरनगर)। कस्बे में शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में एक स्वास्थ्य कर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।
थाना भोपा क्षेत्र के ग्राम मोरना में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लैब असिस्टेंट 45 वर्षीय नवाब जान पुत्र एवज अली निवासी बिलारी, जनपद मुरादाबाद तैनात है। शनिवार शाम अस्पताल से साइकिल द्वारा नमाज अदा करने के लिए मस्जिद में जाने को अस्पताल से निकला था। जैसे ही वह शुक्रताल इलाहाबाद तिराहे पर पहुंचा तो लकड़ी से लदा ट्रक उस पर पलट गया। जिसके नीचे वह दब गया। हादसे में नवाब जान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक नशे में था तथा पेट्रोल पंप की मशीन में टक्कर मारकर भाग रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।