मुजफ्फरनगर। एमजी वर्ल्ड विजन स्कूल में बच्चों ने उल्लास, उमंग और उत्साह के साथ वसंतोत्सव मनाया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। साथ ही पतंग भी उड़ाई।
‘छाई हरियाली उपवन में, और छाई मस्ती भी पवन में...देखो यह वसंत मस्तानी, आ गई है ऋतुओं की रानी आ गई..! गीत के रोमांच और मस्ती भरे वातावरण में बसंत पंचमी पर्व मनाया गया। कक्षा छह के छात्र जतिन बालियान ने वसंत पंचमी के विषय में जानकारी दी। छात्र मनुराज ने मनमोहक कविता प्रस्तुत की। छात्र-छात्राओं ने पतंगें उड़ाई। इंटर हाउस सॉन्ग कंपीटिशन में अशोका, पृथ्वीराज, महाराणा प्रताप व शिवाजी हाउस के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मनमोहक प्रस्तुति देकर सबको आनंदित कर दिया। प्रधानाचार्या डा मृणालिनी अनंत ने कहा कि यह पूरा माह बहुत शांत एवं संतुलित होता है। प्रकृति सुंदर एवं मनमोहक होती है। नव ऊर्जा का संचार होने के कारण विद्यार्थियों के लिए यह ऋतु सबसे महत्वपूर्ण मानी गई है। कार्यक्रम में विद्यालय के टीचर और कर्मचारी मौजूद रहे।