स्योहारा (बिजनौर)। कार की टक्कर लगने से दो बाइक सवार युवक बुरी तरह से घायल हो गए। इनमें से एक युवक की मुरादाबाद में उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि दूसरे युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
रविवार रात साइम पट्टीवाला थाना कांठ जनपद मुरादाबाद और आरिफ निवासी गांव नारायनपुर थाना कांठ जनपद मुरादाबाद स्योहारा की ओर से बाइक से कांठ जा रहे थे। मुरादाबाद मार्ग पर महमूदपुर की पुलिया के पास सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार और बाइक की टक्कर हो गई। कार अनियंत्रित होकर बाइक सवार दोनों युवकों को कुचलती हुई सामने खड़े पेडों में जा घुसी। जिसमें दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। कार चालक और उसमें सवार लोग मौके से फरार हो गए। जबकि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर पड़े तड़पते रहे।
राहगीरों ने इसकी सूचना सहसपुर चौकी और यूपी डायल -100 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को स्योहारा सीएचसी में भर्ती कराया और उनके परिजनों को सूचना दी। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर को रेफर कर दिया। परिजन दोनों को उपचार के लिए मुरादाबाद ले गए। सीएचसी प्रभारी डॉ. विशाल दिवाकर ने बताया है कि मुरादाबाद में सोमवार सुबह उपचार के दौरान साइम पुत्र इरफान की मौत हो गई।
सड़क हादसे में भाजपा नेता घायल
नूरपुर। रविवार को भाजपा नेता धर्मेंद्र जोशी बिजनौर जाते समय हुई कार दुर्घटना में घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। भाजपा के पूर्व नगराध्यक्ष धर्मेंद्र जोशी एवं सभासद संजीव जोशी रविवार को उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के कार्यक्रम में शामिल होने बिजनौर जा रहे थे। गोलबाग के पास उनकी कार टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। जिसमें दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें बिजनौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया है।