मिल का निरीक्षण किया
मोरना (मुजफ्फरनगर)। दि गंगा किसान सहकारी चीनी मिल मोरना में सोमवार की शाम को एसडीएम ने बांट माप विभाग के अधिकारी और प्रदूषण विभाग के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। तौल कांटों सहित जल प्रदूषण, लेबर ठेकेदार द्वारा कराए जा रहे कार्य सहित अन्य मामलों की गहनता से जांच पड़ताल की।
एसडीएम जानसठ श्याम अवध चौहान, विधिक बांट माप विज्ञान मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ निरीक्षक राजेश कुमार, क्षेत्रीय कार्यालय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुजफ्फरनगर के वैज्ञानिक विजय कुमार शर्मा की टीम द्वारा किए गए निरीक्षण से मिल में हड़कंप मच गया। एसडीएम ने मिल के प्रधान प्रबंधक प्रबुद्ध चौबे के साथ चीनी मिल का दौरा किया तथा सभी विषयों पर जानकारी ली। वरिष्ठ निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि तौल कांटों की जांच की गई है, जिसमें एक तौल कांटे पर लोडिंग सैल की सेटिंग में खराबी मिली है। प्रदूषण बोर्ड के वैज्ञानिक विजय कुमार शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा जल प्रदूषण की जांच की गई है, जिसका कार्य संतुष्ट पाया गया है। वहीं, निरीक्षण के दौरान तीन घंटे तौल बंद रहने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस मौके पर चीफ केमिस्ट एसकेसिंह, सीसीओ राजकुमार सिरोही, चीफ इंजीनियर एसएस सिंह, मुख्य लेखाकार वीसी अस्थाना आदि मौजूद रहे।