किसानों का फैक्ट्री के सामने किया प्रदर्शन
मंसूरपुर। किसानों ने बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित केमिकल्स फैक्ट्री से निकली प्रदूषित गैस से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा दिलाए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
केमिकल्स फैक्ट्री से प्रदूषित गैस निकलने से गांव घासीपुरा और बेगराजपुर के किसानों की ईख व चेरी की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है। शुक्रवार को किसानों ने फैक्ट्री के सामने धरना व प्रदर्शन किया। जानकारी मिलने पर विधायक विक्रम सैनी धरने पर पहुंचे। विधायक ने किसानों की समस्या को सुना। इसके बाद विधायक ने फैक्ट्री के प्रबंधक से भी बातचीत की। इस दौरान किसानों की फसल बर्बाद होने को लेकर प्रबंधक के साथ कहासुनी भी हो गई थी। विधायक ने आश्वासन दिया कि वे अपने स्तर से अधिकारियों से बातचीत कर कार्रवाई कराएंगे। मौके पर भाजपा नेता नंदकिशोर पांचाल, प्रधान मनोज, बीर सिंह कश्यप, मामराज, प्रमोद कुमार, जयप्रकाश, ओमपाल सिंह, बलराम सिंह, चौहल सिंह आदि मौजूद रहे।