देवबंद। बाइक सवार ने बुजुर्ग से 50 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित बुजुर्ग ने पुुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बुधवार को क्षेत्र के इबादुल्लापुर गांव निवासी बुजुर्ग इश्तियाक रिश्तेदारी में हो रहे एक विवाह समारोह के लिए बाजार में सामान की खरीदारी करने के लिए आया था। शास्त्री चौक पर खड़ा होकर वह बाजार में जाने के लिए सवारी की इंतजार करने लगा। इस बीच एक बाइक सवार आया और उसे बाजार में छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बिठा लिया। इश्तियाक का आरोप है कि सुभाष चौक पर पहुंचने पर युवक ने उसे पुलिस चेकिंग का खौफ दिखाया और उससे 50 हजार रुपये यह कहते हुए ले लिए कि वह आगे जाकर दे देगा। कुछ दूरी पर पहुंचते ही बाइक सवार ने उसे बाइक से उतार दिया और वहां से फरार हो गया। बुजुर्ग ने शोर भी मचाया, लेकिन बाइक सवार हाथ नहीं आ सका। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाकर आरोपी की पहचान कराई जाएगी।