जानसठ/भोपा। जानसठ ब्लॉक के 38 गांवों में 493 लोग बाहर से अपने घर लौटे हैं जो बाहर रहकर नौकरी व मजदूरी करते थे। डीएम के आदेश पर ग्राम सचिवों को इन लोगों की लिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। ग्राम सचिवों की ओर से तैयार की गई इस लिस्ट को डीएम को भेजी गई है।
एडीओ पंचायत ओम कुमार ने बताया कि डीएम के आदेश पर कोरोना वायरस को लेकर देशव्यापी लॉक डाउन होने पर 38 गांवों में गैर जनपदों में काम करने वाले 85 लोग, अन्य प्रदेशों से 402 तथा विदेशों से छह लोगों के अपने घर वापस लौटने की जानकारी मांगी गई थी। डीएम ने इन लोगों के नाम व पतों की लिस्ट तैयार करके मांगी थी। इन गांवों के ग्राम सचिवों को बाहर से आने वाले लोगों की लिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे। ग्राम सचिवों ने गांवों में घूमकर बाहरी लोगों की लिस्ट भी तैयार की, जिसे डीएम को भेज दिया गया है। उधर, भोपा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में जिलों व अन्य प्रांतों से आने वाले लोगों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। इनमें से अधिकांश लोग ऐसे हैं जो पुलिस प्रशासन या अन्य किसी अधिकारी से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं और अधिकारियों से छिपकर घूम रहे हैं। ऐसे में शासन-प्रशासन के सामने एक बड़ी समस्या पैदा हो गई है।