बिजली की दरें आधी होने से 47 हजार किसानों को होगा लाभ
मुजफ्फरनगर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की किसानों को सिंचाई के लिए बिजली की दरें आधी करने की घोषणा से किसानों में खुशी की लहर है। जिले में 47 हजार किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
जिले में बिजली के ट्यूबवेल से 47 हजार किसान पानी देते हैं। विद्युत निगम के रिकार्ड के अनुसार जनपद की प्रथम डिविजन में सिंचाई के लिए किसानों को 19 हजार 908 कनेक्शन जारी किया गए है। अधीक्षण अभियंता एसके निर्मल ने बताया कि बिजली का बिल अधिकतम किसानों पर बकाया है। नगरीय क्षेत्र की डिविजन द्वितीय में 12 हजार 70 विद्युत कनेक्शन सिंचाई के लिए जारी हुए है। इसी तरह डिविजन तृतीय में 15 हजार 200 कनेक्शन सिंचाई के हैं। जिले में किसानों की स्थिति यह है कि अधिक बिल आने के कारण वह समय से बिल जमा नहीं करा पा रहे हैं।
एकमुश्त योजना में 14 प्रतिशत ने जमा किया
किसानों की आर्थिक स्थिति का पता इसी से लगता है कि प्रदेश सरकार की एकमुश्त समाधान योजना में जिले में लगभग 14 प्रतिशत किसान ही अपना बिल जमा कर पाए है। अधिकतम किसान इस योजना का लाभ भी नहीं उठा पाए हैं।
विभाग के पास नहीं आया कोई आदेश
मुख्यमंत्री की घोषणा जरूर हुई है, लेकिन विद्युत विभाग के पास बिजली की दरें आधी करने का कोई आदेश नहीं आया है। शासन में आदेश की प्रक्रिया में समय लगता है। आदर्श आचार संहिता लगने वाली है, ऐसी स्थिति में आदेश का अनुपालन होगा या नहीं किसानों को इसे लेकर संशय है।