मुजफ्फरनगर। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष व कैमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद मित्तल के पत्नी रेखा मित्तल के क्रेडिट कार्ड से साइबर अपराधी ने सीवीआर नंबर पूछकर 46350 रुपये निकाल लिए। इस मामले में नई मंडी कोतवाली में शिकायत की गई है।
व्यापारी नेता प्रमोद मित्तल ने बताया कि उनकी पत्नी का एचडीएफसी बैंक में क्रेडिट कार्ड है, उसकी लिमिट 70 हजार रुपये है। उनके पास एक महिला का फोन आया और उसने उनकी पत्नी का नाम, मोबाइल नंबर, पेन व आधार कार्ड नबंर बताया। इसके बाद कहा कि उनका क्रेडिट कार्ड अच्छा चल रहा है, इसलिए वह उसकी लिमिट एक लाख 85 हजार कर रहे हैं। इसके बाद महिला ने उनसे सीवीआर नंबर मांगा। इसी बीच उनके बेटे कुमार मित्तल ने भी महिला से बात की। उसने महिला को सीवीआर नंबर बता दिया इसके बाद उनके खाते से 46350 रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद भी फिर से महिला का फोन आया कि उन्होंने एक ओटीपी भेजा है, उसका नंबर बता दो।
यह नंबर भी बता दिया गया। फिर से उनके खाते से रुपये निकालने का प्रयास किया तो इसी दौरान बैंक से एक कर्मचारी ने फोन कर क्रेडिट कार्ड से रुपये निकालने के बारे में पूछताछ की तो उन्हें रुपये न निकालना बताया गया। व्यापारी नेता ने बताया कि बैंक कर्मचारी का फोन आने पर उनके परिवार को धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने नई मंडी कोतवाली में तहरीर दी हैै।
साइबर ठगों ने महिला से तीन हजार ठगे
खतौली। मोहल्ला तगान निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पास एक अंजान व्यक्ति का फोन आया कि वह पैंसिल बनाने वाली कंपनी से बोल रहे हैं। ठग ने बताया कि वह घर बैठे पैंसिल पैकिंग का कार्य करें तो उसको काम मिल जाएगा। ठग ने कुछ सामग्री भेजने के लिए महिला से 550 रुपये मांगे।
ठग ने महिला को व्हाट्सएप पर पैकिंग का सामान भेजना बताकर ढाई हजार रुपये ऑनलाइन अपने खाते में जमा करा लिए। इसके बाद ठग ने फोन बंद कर लिया। फोन बंद करने के बाद महिला को ठगी का पता चला। रविवार को फिर ठगों ने महिला को फोन कर उसे डराया धमकाया और 15 हजार की मांग की। इसके बाद महिला ने पुलिस को तहरीर देकर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।